वैभवलक्ष्मी व्रत || Vaibhav Laxmi Vrat Katha

0

वैभवलक्ष्मी व्रत – यह व्रत शीघ्र फलदायी हैं किन्तु फल न दे तो तीन माह के बाद फिर से व्रत शुरू करना चाहिये। और जब तक मनवांछित फल न मिले तब तक यह व्रत तीन-तीन महीने पर करते रहना चाहिये। तो इसका फल अवश्य मिलता ही है।

वैभवलक्ष्मी व्रत विधि शुरू करने से पहले की विधि

(१) ‘श्रीयंत्र’ के सामने देखकर ‘श्रीयंत्र को प्रणाम।’ ऐसा बोलकर श्रीयंत्र को प्रणाम करें।

(२) बाद में लक्ष्मी जी के आठ स्वरूप की छवियाँ को प्रणाम करें। (१) धनलक्ष्मी एवं वैभवलक्ष्मी स्वरूप, (२) श्री गजलक्ष्मी माँ (३) श्री अधिलक्ष्मी माँ, (४) श्री विजयालक्ष्मी माँ (५) श्री ऐश्रवर्यलक्ष्मी माँ, (६) श्री वीरलक्ष्मी माँ (७) श्री धान्यलक्ष्मी माँ (८) श्री संतान लक्ष्मी माँ।

(३) बाद में गहने की पूजा करते वक्त नीचे दिया हुआ ‘लक्ष्मी स्तवन’ का पाठ करें।

लक्ष्मी स्तवन

श्लोक

या रक्ताम्बुजवासिनी विलसिनी चण्डांशु तेजस्विनी।

या रक्त रूधिराम्बरा हरिसखी या श्री मनोल्हादिनी।।

या रत्नाकरमन्थनात्प्रगंटिता विष्णोस्वया गेहिनी।

सा मां पातु मनोरमा भगवती लक्ष्मीश्च पद्मावती।।

लक्ष्मी स्तवन का हिन्दी में भावार्थ: जो लाल कमल में रहती है, जो अपूर्व कांतिवाली है, जो असहृय तेजवाली है, जो पूर्ण रूप से लाल है, जिसने रक्तरूप वस्त्र पहने हैं, जो भगवान विष्णु को अतिप्रिय है, जो लक्ष्मी मन को आनन्द देती है, जो समुद्रमंथन से प्रकट हुई है, जो विष्णु भगवान की पत्नी है, जो कमल से जन्मी हैं और जो अतिशय पूज्य है, वैसी हे लक्ष्मी देवी! आप मेरी रक्षा करें।

 

वैभवलक्ष्मी व्रत करने का नियम

१. यह व्रत सौभाग्यशाली स्त्रियां करें तो उनका अति उत्तम फल मिलता है। पर घर में यदि सौभाग्यशाली स्त्रियां न हो तो कोई भी स्त्री एवं कुमारिका भी यह व्रत कर सकती है।

२. स्त्री के बदले पुरूष भी यह व्रत करें तो उसे भी उत्तम फल अवश्य मिलता है।

३. यह व्रत पूरी श्रद्धा और पवित्र भाव से करना चाहिये। खिन्न होकर या बिना भाव से यह व्रत नहीं करना चाहिये।

४. यह व्रत शुक्रवार को किया जाता है। व्रत शुरू करते वक्त ११ या २१ शुक्रवार की मन्नत रखनी पड़ती है और पुस्तक में लिखी शास्त्रीय विधि अनुसार ही व्रत करना चाहिये। मन्नत के शुक्रवार पूरे होने पर विधिपर्वूक और इस पुस्तक में दिखाई गई शास्त्रीय रीति अनुसार उद्यापन विधि करनी चाहिये। यह विधि सरल है किन्तु शास्त्रीय विधि अनुसार व्रत न करने पर व्रत कर जरा भी फल नहीं मिलता है।

५. एक बार व्रत पूरा करने के पश्चात् फिर मन्नत कर सकते हैं और फिर से व्रत कर सकते हैं।

६. माता लक्ष्मी देवी के अनेक स्वरूप है। उनमें उनका धनलक्ष्मी स्वरूप ही ‘वैभवलक्ष्मी’ है और माता लक्ष्मी को श्रीयंत्र अति प्रिय है। व्रत करते वक्त मां लक्ष्मीजी के हर स्वरूप को और ‘श्रीयंत्र’ को प्रणाम करना चाहिये। तभी व्रत का फल मिलता है। अगर हम इतनी भी मेहनत नहीं कर सकते है तो लक्ष्मी देवी भी हमारे लिये कुछ करने को तैयार नहीं होगी और हम पर माँ की कृपा नहीं होगी।

७. व्रत के दिन सुबह से ही ‘जय मां लक्ष्मी’ ‘जय मां लक्ष्मी’ का रटन मन ही मन करना चाहिये और माँ का पूरे भाव से स्मरण करना चाहिये।

८. शुक्रवार के दिन यदि आप प्रवास या यात्रा पर गये हों तो वह शुक्रवार छोड़कर उनके बाद के शुक्रवार को व्रत करना चाहिये पर व्रत अपने ही घर में करना चाहिये। सब मिलाकर जितने शुक्रवार की मन्नत ली हो, उतने शुक्रवार पूरे करने चाहिये।

९. घर में सोना न हो तो चांदी की चीज पूजा में रखनी चाहिये। अगर वह भी न हो तो रोकड़ रूपया रखना चाहिये।

१०. व्रत पूरा होने पर कम से कम सात स्त्रियों को या आपकी इच्छा अनुसार जैसे ११,२१,५१,१०१ स्त्रियों को वैभवलक्ष्मी व्रत की पुस्तक कुमकुम का तिलक करके भेंट के रूप में देनी चाहिये। जितनी ज्यादा पुस्तक आप देंगे उतनी माँ लक्ष्मी की ज्यादा कृपा होगी और माँ लक्ष्मी जी का यह अद्भूत व्रत का ज्यादा प्रचार होगा।

११. व्रत के शुक्रवार को स्त्री रजस्वला हो या सूतकी हो तो वह शुक्रवार छोड़ देना चाहिये और बाद के शुक्रवार से व्रत शुरू चाहिये। पर जितने शुक्रवार की मन्न्त हो, उतने शुक्रवार पूरे करने चाहिये।

१२. व्रत की विधि शुरू करते वक्त ‘लक्ष्मी स्तवन’ का एक बार पाठ करना चाहिये।

१३. व्रत के दिन हो सके तो उपवास करना चाहिये और शाम को व्रत की विधि करके मां का प्रसाद ग्रहण करना चाहिये। अगर न हो सके तो फलाहार या एक बार भोजन कर के शुक्रवार करना चाहिये। अगर व्रतधारी का शरीर बहुत कमजोर हो तो ही दो बार भोजन ले सकते है। सबसे महत्व की बात यही है कि व्रतधारी मां लक्ष्मी जी पर पूरी-पूरी श्रद्धा और भावना रखें और ‘मेरी मनोकामना मां पूरी करेगी ही’, ऐसा दृढ संकल्प करें।

वैभवलक्ष्मी व्रत की कथा

एक बड़ा शहर था। इस शहर में लाखों लोग रहते थे। पहले के जमाने के लोग साथ-साथ रहते थे और एक दूसरे के काम आते थे। पर नये जमाने के लोगो को स्वरूप ही अलग सा है। सब अपने काम में रत रहते हैं। किसी को किसी की परवाह नहीं। घर के सदस्यों को भी एक-दूसरे की परवाह नहीं होती। भजन-कीर्तन, भक्ति-भाव, दया-माया, परोपकार जैसे संस्कार कम हो गये हैं।

शहर में बुराइयाँ बढ़ गई थी। शराब, जुआ, रेस, व्यभिचार, चोरी-डकैती वगैरह बहुत से गुनाह शहर में होते थे।

कहावत है कि ‘हजारों निराशा में एक अमर आशा छिपी हुई है। इसी तरह इन्ही सारी बुराइयों के बावजूद शहर में कुछ अच्छे लोग भी रहते थे।

ऐसे अच्छे लोगों में शीला और उनकी पति की गृहस्थी मानी जाती थी। शीला धार्मिक प्रकृति और संतोषी थी। उनका पति भी विवेकी और सुशील था।

शीला और उनका पति ईमानदारी से जीते थे। वे किसी की बुराई करते न थे और प्रभु भजन में अच्छी तरह समय व्यतीत कर रहे थे। उनकी गृहस्थी आदर्श थी और शहर के लोग उनकी गृहस्थी की सराहना करते थे।

शीला की गृहस्थी इसी तरह खुशी-खुशी चल रही थी। पर कहा जाता है कि ‘कर्म की गति अकल है’ विधाता के लिखे लेख कोई नहीं समझ सकता है। इन्सान का नसीब पल भर में राजा को रंक बना देता है और रंक को राजा। शीला के पति के अगले जन्म के कर्म भोगने के बाकी रह गये होगें कि वह बुरे लोगो से दोस्ती कर बैठा। वह जल्द से जल्द ‘करोड़पति’ होने के ख्वाब देखने लगा। इसीलिये वह गलत रास्ते पर चढ़ गया और ‘करोड़पति’ की बजाय ‘रोडपति’ बन गया। याने रास्ते पर भटकते भिखारी जैसी उसकी हालत हो गई थी।

शहर में शराब, जुआ, रेस, चरस, गंजा वगैरह बादियां फैली हुई थी। उसमें शीला का पति भी फँस गया। दोस्तों के साथ उसे भी शराब की आदत हो गई। जल्द से जल्द पैसे वाला बनने की लालच में दोस्तों के साथ रेस जुआ भी खेलने लगा। इस तरह बचाई हुई धनराशि, पत्नी के गहने, सब कुछ रेस-जुए में गंवा दिया था।

इसी तरह एक वक्त ऐसा भी था कि वह सुशील पत्नी शीला के साथ मजे में रहता था और प्रभु भजन में सुख-शांति से वक्त व्यतीत करता था। उसके बजाय घर में दरिद्रता और भूखमरी फैल गई। सुख से खाने की बजाय दो वक्त भोजन के लाले पड़ गये और शीला को पति की गालियां खाने का वक्त आया था।

शीला सुशीला और संस्कारी स्त्री थी। उसको पति के बर्ताव से बहुत दुःख हुआ। किन्तु वह भगवान पर भरोसा करके बड़ा दिल रख कर दुःख सहने लगी। कहा जाता है कि ‘सुख के पीछे दुःख और दुःख के पीछे सुख’ आता ही है। इसलिये दुःख के बाद सुख आयेगा ही, ऐसी श्रद्धा के साथ शीला प्रभु भक्ति में लीन रहने लगी।

इस तरह शीला असह्य दुःख सहते-सहते प्रभु भक्ति में वक्त बिताने लगी। अचानक एक दिन दोपहर को उनके द्वार पर किसी ने दस्तक दी।

शीला सोच में पड़ गई कि मुझ जैसे गरीब के घर इस वक्त कौन आया होगा?

फिर भी द्वार पर आये हुए अतिथि का आदर करना चाहिये, ऐसे आर्यधर्म के संस्कार वाली शीला न खड़े होकर द्वार खोला।

देखा तो सामने एक मां जी खड़ी थी। वे बड़ी उम्र की लगती थी। किन्तु उनके चेहरे पर अलौकिक तेज निखर रहा था। उनकी आँखों में माने अमृत बह रहा था। उनका भव्य चेहरा करूणा और प्यार से छलकता था। उनको देखते ही शीला के मन में अपार शांति छा गई। वैसे शीला इस मां जी को पहचानती न थी। फिर भी उनको देखकर शीला के रोम-रोम में आनन्द छा गया। शीला मां जी को आदर के साथ घर में ले आयी। घर में बिठाने के लिये कुछ भी नहीं था। अतः शीला ने सकुचा कर फटी हुई चद्दर पर उनको बिठाया।

मां जी ने कहा : क्यों शीला! मुझे पहचाना नहीं?

शीला ने सकुचा कर कहा मां! आपको देखते ही बहुत खुशी हो रही है। बहुत शांति हो रही है। ऐसा लगता है कि मैं बहुत दिनों से जिसे ढूंढ रही थी वे आप ही है। पर आपको पहचान नहीं सकती।

मां जी ने हंसकर कहा : क्यो ? भूल गई? हर शुक्रवार को लक्ष्मीजी के मंदिर में भजन कीर्तन होते हैं, तब मैं भी वहां आती हूँ। वहाँ हर शुक्रवार को हम मिलते हैं।

पति गलत रास्ते पर चढ गया तब से शीला बहुत दुःखी हो गई थी और दुःख की मारी वह लक्ष्मी जी के मंदिर में भी नहीं जाती थी। बाहर के लोगों के साथ नजर मिलाते भी उसे शर्म लगती थी। उसने याददाश्त पर जोर दिया पर यह मां जी याद नहीं आ रहीं थी।

तभी मां जी ने कहा, ‘तू लक्ष्मीजी के मंदिर में कितने मधुर भजन गाती थी। अभी-अभी तू दिखाई नहीं देती थी, इसलिये मुझे हुआ कि तू क्यों नहीं आती है? कहीं बीमार तो नहीं हो गई है न? ऐसा सोचकर मैं मिलने चली आई हूँ।’

मां जी के अति प्रेम भरे शब्दों से शीला का हृदय पिघल गया। उसकी आँख में आसु आ गये। मांजी के सामने वह बिलख-बिलख कर रोने लगी। यह देखकर मां जी शीला के नजदीक सरके और उसकी सिसकती पीठ पर प्यार भरा हाथ फेर कर सांत्वना देने लगे।

मांजी ने कहा : सुख और दुःख तो धुप और छांव जैसे होते हैं। सुख के पीछे दुःख आता है, तो दुःख के पीछे सुख भी आता है। धैर्य रखो बेटी और तुझे क्या परेशानी है? तेरे दुःख की बात मुझे सुना। तेरा मन भी हलका हो जायेगा और तेरे दुःख का कोई उपाय भी मिल जायेगा।

मांजी की बात सुनकर शीला के मन को शांति मिली। उसने मांजी को कहा, माँ! मेरी गृहस्थी में भरपूर सूख और खुशियाँ थी। मेरे पति भी सुशील थे। भगवान की कृपा से पैसे की बात में भी हमें संतोष था। हम शांति से गृहस्थी चलाते ईश्वर-भक्ति में अपना वक्त व्यतीत करते थें यकायक हमारा भाग्य हमसे रूठ गया। मेरे पति को बुरी दोस्ती हो गई। बुरी दोस्ती की वजह से वे शराब जुआ, रेस, चरस, गंजा वगैरह खराब आदतों के शिकार हो गये और उन्होने सब कुछ गँवा दिया और हम रास्ते के भिखारी जैसे बन गये।’

यह सुनकर मांजी ने कहा: सुख के पीछे दुःख और दुःख के पीछे सुख आता ही रहता हैं। ऐसा भी कहा जाता है कि ‘कर्म’ की गति न्यारी होती है।’ हर इन्सान को अपने कर्म भुगतने ही पड़ते है। इसलिये तू चिंता मत कर। अब तू कर्म भुगत चुकी है। अब तुम्हारे सुख के दिन अवश्य आयेंगे। तू तो मां लक्ष्मीजी की भक्त है। मां लक्ष्मीजी तो प्रेम और करूणा के अवतार हैं। वे अपने भक्तों पर हमेशा ममता रखती है। इसलिये तू धैर्य रख के मां लक्ष्मीजी का व्रत कर। इससे सब कुछ ठीक हो जायेगा।

मां लक्ष्मीजी का व्रत करने की बात सुनकर शीला के चेहरे पर चमक आ गई। उसने पूछा ‘मां’! लक्ष्मीजी का व्रत कैसे किया जाता है, वह मुझे समझाये। मैं यह व्रत अवश्य करूँगी।

मांजी ने कहा, बेटी! मां लक्ष्मीजी का व्रत बहुत सरल है। उसे वरदलक्ष्मी व्रत या वैभवलक्ष्मी व्रत कहा जाता है। यह व्रत करने वाले की सब मनोकामना पूर्ण होती हैं। वह सुख-संपति और यश प्राप्त करता है। ऐसा कहकर मांजी वैभवलक्ष्मी व्रत की विधि कहने लगीं।

बेटी! वैभवलक्ष्मी व्रत वैसे तो सीधा-सादा व्रत है। किन्तु कई लोग यह व्रत गलत तरीके से करते हैं। अतः उसका फल नहीं मिलता। कई लोग कहते है कि सोने के गहने की हलदी-कुमकुम से पूजा करो। बस! व्रत हो गया। पर ऐसा नहीं है। कोई भी व्रत शास्त्रीय विधिपूर्वक करना चाहिये। तभी उसका फल मिलता सिर्फ सोने के गहने की पूजा करने से फल मिल जाता हो तो सभी आज लखपति बन गये होते। सच्ची बात यह है कि सोने के गहनों की विधि से पूजन करना चाहिये। व्रत की उद्यापन विधि भी शास्त्रीय विधि मुताबिक करनी चाहिये। तभी यह वैभवलक्ष्मी व्रत फल देता है।

यह व्रत शुक्रवार को करना चाहिये। सुबह में स्नान करके स्वच्छ कपड़े पहनो और सारा दिन मन में जय मां लक्ष्मी, जय मां लक्ष्मी का रटन करते रहो। किसी की चुगली नहीं करनी चाहिये। शाम को पूर्व दिशा में मुँह रख सकें, इसी तरह आसन पर बैठ जाओ।

सामने पाटा रखकर उसके ऊपर रूमाल रखो। रूमाल पर चावल का छोटा सा ढेर करो। उस ढेर पर पानी से भरा तांबे का कलश रखकर, कलश पर एक कटोरी रखो। उस कटोरी में एक सोने का गहना रखों। सोने का न हो तो चांदी का भी चलेगा। चांदी का न हो तो नकद रूपया भी चलेगा। बाद में घी का दीपक जला कर धूपसली सुलगा कर रखो।

मां लक्ष्मीजी के बहुत स्वरूप है और मां लक्ष्मीजी को श्री यंत्र अति प्रिय है। अतः वैभवलक्ष्मी में पूजन विधि करते वक्त सर्व प्रथम श्री यंत्र और लक्ष्मीजी के विविध स्वरूपों का सच्चे दिल से दर्शन करो। उसके बाद लक्ष्मी स्तवन का पाठ करो। बाद में कटोरी में रखे हुए गहने या रूपये को हल्दी-कुमकुम और चावल चढ़ाकर पूजा करो और लाल रंग का फूल चढ़ाओं। शाम को कोई मीठी चीज बना कर उसका प्रसाद रखो। न हो सके तो शक्कर या गुड़ भी चल सकता है। फिर आरती करके ग्यारह या इक्कीस शुक्रवार यह व्रत करने का दृढ संकल्प मां के सामने करो और आपकी जो मनोकामना हो वह पूरी करने को माँ लक्ष्मीजी को विनती करो। फिर माँ का प्रसाद बाँट दो और थोड़ा प्रसाद अपने लिये रखो। अगर आप में शक्ति हो तो सारा दिन उपवास रखो और सिर्फ प्रसाद खाकर शुक्रवार करो। अगर थोड़ी शक्ति भी न हो तो दो बार भोजन कर सकते हो। बाद में कटोरी में रखा गहना या रूपया ले लो। कलश का पानी तुलसी क्यारे में डाल दो और और चावल पक्षियों को डाल दो। इसी तरह शास्त्रीय विधि अनुसार व्रत करने से उसका फल अवश्य मिलता है। इस व्रत के प्रभाव से सब प्रकार की विपत्ति दूर होकर आदमी मालामाल हो जाता है। संतान न हो उसे संतान प्राप्ति होती है। सौभाग्यवती स्त्री का सौभाग्य अखंड रहता है। कुमारी लड़की को मनभावन पति मिलता है।

शीला यह सुनकर आनंदित हो गई। फिर पूछा: माँ! आपने वैभवलक्ष्मी व्रत की जो शास्त्रीय विधि बताई है, वैसे मैं अवश्य करूंगी। किन्तु इसकी उद्यापन विधि किस तरह करनी चाहिये? यह भी कृपा करके सुनाइये।

मांजी ने कहा : ग्यारह या इक्कीस जो मन्नत मानी हो उतने शुक्रवार यह वैभवलक्ष्मी व्रत पूरी श्रद्धा और भावना से करना चाहिये। व्रत के आखरी शुक्रवार को जो शास्त्रीय विधि अनुसार उद्यापन विधि करनी चाहिये वह मैं तुझे बताती हूँ। आखरी शुक्रवार को खीर या नैवैद्य रखों। पूजन विधि हर शुक्रवार करते हैं वैसे ही करनी चाहिये। पूजन विधि के बाद श्रीफल फोड़ो और कम से कम सात कुंवारी या सौभाग्यशाली स्त्रियों को कुमकुम का तिलक करके वैभवलक्ष्मी व्रत की एक-एक पुस्तक उपहार में देनी चाहिए और अब को खीर का प्रसाद देना चाहिये। फिर धनलक्ष्मी स्वरूप, वैभवलक्ष्मी स्वरूप, माँ लक्ष्मीजी की छवि को प्रणाम करे। माँ लक्ष्मीजी का यह स्वरूप वैभव देने वाला है। प्रणाम करके मन ही मन भावुकता से माँ की प्रार्थना करते वक्त कहे कि हे माँ धनलक्ष्मी! मैंने सच्चे हृदय से आपका वैभवलक्ष्मी व्रत पूर्ण किया है तो हे माँ! हमारी (जो मनोकामना की हो वह बोलो) मनोकामना पूर्ण करो। हमारा सबका कल्याण करो। जिसे संतान न हो उसे संतान देना। सौभाग्यशाली स्त्री का सौभाग्य अखंड रखना, कुंवारी लड़की को मनभावन पति देना। आपका यह चमत्कारी वैभवलक्ष्मी व्रत जो करें उनकी सब विपत्ति दूर करना। सब को सुखी करना। हे मां! आपकी महिमा अपरंपार है।

इस तरह माँ की प्रार्थना करके माँ लक्ष्मीजी का धनलक्ष्मी स्वरूप को भाव से वंदन करो।

मांजी के पास से वैभवलक्ष्मी व्रत की शास्त्रीय विधि सुनकर शीला भावविभोर हो उठी। उसे लगा मानो सुख का रास्ता मिल गया है उसने आँखे बन्द करके मन ही उसी क्षण संकल्प लिया कि हे वैभवलक्ष्मी माँ! मैं भी मांजी के कहे मुताबिक श्रद्धा से, शास्त्रीय विधि अनुसार ‘वैभवलक्ष्मी व्रत’ इक्कीस शुक्रवार तक करूंगी और व्रत की शास्त्रीय विधि अनुसार उद्यपान विधि करूंगी।

शीला ने संकल्प करके आँखे खोली तो सामने कोई न था। वह विस्मित हो गई कि मांजी कहाँ गयी? यह मांजी दूसरा कोई न था …………..साक्षात लक्ष्मी जी ही थी। शीला लक्ष्मीजी की भक्त थी। इसलिये अपने भक्त को रास्ता दिखाने के लिए मां लक्ष्मी देवी मांजी का स्वरूप धारण करके शीला के पास आई थी।

दूसरे दिन शुक्रवार था। सवेरे स्नान करके स्वच्छ कपड़े पहन कर शीला मन ही मन श्रद्धा से और पूरे भाव से जय मां लक्ष्मी, जय मां लक्ष्मी का मन ही मन रटन करने लगी। सारा दिन किसी की चुगली की नहीं। शाम हुआ तब हाथ, पांव, मुंह धो कर शीला पूर्व दिशा में मुंह करके बैठी। घर में पहले सोने के बहुत से गहने थे। पर पतिदेव न गलत रास्ते पर चढ़कर सब गहने गिरवी रख दिय थे। पर नाक की चुन्नी बच गई थी। नाक की चुन्नी निकाल कर, उसे धोकर शीला ने कटोरी में रख दी। सामने पाटे पर रूमाल रख कर मुट्ठी भर चावल का ढेर किया। उस पर तांबे का कलश पानी भरकर रखा। उसके ऊपर चुन्नी वाली कटोरी रखी। फिर मांजी ने कही थी, वह शास्त्रीय विधि अनुसार वंदन स्तवन, पूजन, वगैरह किया और घर में थोड़ी शक्कर थी, वह प्रसाद में रखकर ‘वैभवलक्ष्मी व्रत’ किया।

यह प्रसाद पहले पति को खिलाया। प्रसाद खाते ही पति के स्वभाव में फर्क पड़ गया। उस दिन उसने शीला को मारा नहीं, सताया भी नहीं। शीला को बहुत आनंद हुआ। उनके मन में वैभवलक्ष्मी व्रत के लिये श्रद्धा बढ़ गई।

शीला ने पूर्ण श्रद्धा-भक्ति से इक्कीस शुक्रवार तक वैभवलक्ष्मी व्रत किया। इक्कीसवे शुक्रवार को मांजी के कहे मुताबिक उद्यापन विधि करके सात स्त्रियों को वैभवलक्ष्मी व्रत की सात पुस्तके उपहार में दी। फिर माताजी के धनलक्ष्मी स्वरूप की छवि को वंदन करके भाव से मन ही मन प्रार्थना करने लगी: हे माँ धनलक्ष्मी! मैंने आपका वैभवलक्ष्मी व्रत करने की मन्नत मानी थी वह व्रत आज पूर्ण किया है। हे माँ! मेरी हर विपत्ति दूर करो। हमारा सबका कल्याण करो। जिसे संतान न हो, उसे संतान देना। सौभाग्यवती स्त्रीयों का सौभाग्य अखंड रखना। कुंवारी लड़कियों को मनभावन पति देना। आपका यह चमत्कारी वैभवलक्ष्मी व्रत करे उनकी सब विपत्ति दूर करना। सबको सुखी करना। हे माँ! आपकी महिमा अपार है। ऐसा बोलकर लक्ष्मीजी के धनलक्ष्मी स्वरूप की छवि को प्रणाम किया।

इस तरह शास्त्रीय विधिपूर्वक शीला ने श्रद्धा से व्रत किया और तुरन्त ही उसे फल मिला। उसका पति गलत रास्ते पर चला गया था, वह अच्छा आदमी हो गया और कड़ी मेहनत करके व्यवसाय करने लगा। मां लक्ष्मीजी के वैभवलक्ष्मी व्रत के प्रभाव से उसको ज्यादा मुनाफा होने लगा उसने तुरन्त शीला के गिरवी रखे गहने छुड़ा लिये। घर में धन की बाढ़ सी आ गई। घर में पहले जैसी सुख-शांति छा गई।

वैभवलक्ष्मी व्रत का प्रभाव देखकर मोहल्ले की दूसरी स्त्रियाँ भी शास्त्रीय विधिपर्वूक वैभवलक्ष्मी व्रत करने लगी।

हे माँ धनलक्ष्मी! आप जैसे शीला पर प्रसन्न हुई, उसी तरह आपका व्रत करने वाले सब पर प्रसन्न होना। सबको सुखा-शांति देना। जय धनलक्ष्मी माँ ! जय वैभवलक्ष्मी माँ ।

वैभवलक्ष्मी माँ के व्रत का चमत्कार कथा
कथा १. लाटरी लगी

नवसारी से एक बहन का पत्र था।

हम बहुत गरीब थे। मेर पति अपंग और बीमार थे। दो छोटे बच्चे थे। बड़ी लड़की पोस्ट में नौकरी करती थी। उसकी तनख्वाह में से घर खर्च चल रहा था। वह पच्चीस साल की हो गई थी। इसलिये हम उसके शादी करने की फिक्र में थे।

संयोग से एक लड़का भी मिल गया। लड़की को लड़का पसंद आ गया और लड़के को लड़की पंसद आ गई। शादी की तिथि पक्की हो गई। पर एक बाधा आई। लड़के की माँ ने कहा, ‘शादी भले ही सादगी से हो जाये पर आपकी लड़की १०० ग्राम सोने के गहने ले कर आयेगी तो ही यह शादी होगी। वरना मैं सहमति नहीं दूँगी।

हमारी स्थिति चिंताजनक हो गई। मानो किनारे पर आयी नौका डूबने लगी। बचत तो थी नहीं अब १०० ग्राम सोना कहाँ से निकालें?

मैं उदास होकर दरवाजे पर खड़ी थी। तभी बाहर के रास्ते पर से एक मोटर-साइकिल तेजी से गुजर गई। उसकी ऊपर से कोई चीज सरक कर हवा में उड़ी और नीचे गिर गई। मै जिज्ञासा से बाहर निकलकर देखने लगी कि क्या गिर गया? तो वह वैभवलक्ष्मी व्रत की किताब थी। मैंने साड़ी से पोंछकर उसे साफ किया और आंखो पर लगाकर बाहर ही बैठकर पढ़ने लगी।

पढ़ते-पढ़ते मुझे हुआ कि मैं भी यह वैभवलक्ष्मी व्रत करूँ तो मेरी आपत्ति भी टल जाये। लगता है माताजी ने मदद करने के लिये ही यह किताब मेरे तक पहुँचा दी होगी। मेरे मन में अदम्य श्रद्धा जाग गई।

दूसरे दिन शुक्रवार था। मैंने स्नान करके ग्यारह शुक्रवार करने की मन्नत मान कर संकल्प किया और किताब मे लिखे मुताबिक विधि अनुसार पूरे भाव और श्रद्धा से व्रत करने लगी। शुक्रवार को सारा दिन जय मां लक्ष्मी का रटन किया। शाम को चावल के ढेर पर तांबे के जल से भरा कलश रखकर, ऊपर कटोरी रखी। उसमें मेरे हाथ की सोने की अंगूठी रखी। उस किताब में लिखे विधि अनुसार पूजन करके गुड़ का प्रसाद खाया।

रात-दिन मेरा ध्यान ‘धनलक्ष्मी माँ’ की छवि में लगा रहता। मैं रोज उनके दर्शन करके गिड़गिड़ाती। पांचवे शुक्रवार को शाम को मैंने धनलक्ष्मी माँ की छवि का दर्शन करके पूजन विधि शुरू की तभी मेरा पन्द्रह साल का लड़का दौड़ता आया। उसने कहा, माँ! देख। हमारी महाराष्ट्र की लॉटरी लगी। पूरे पचास हजार का इनाम लगा है, माँ।

मैं आनन्द से उछल पड़ी। मैंने कहा, तू जरा ठहर जा! मुझे पूजन कर लेने दे। प्रसाद ग्रहण करके बात करेंगे। मैंने उमंग से व्रत विधि पूर्ण की और हम सबने अति श्रद्धा से माँ का प्रसाद ग्रहण किया। बाद में हम सबने लॉटरी का नम्बर चेक किया तो उसकी बात सच थी।

माताजी ने मेरी मुसीबत दूर कर दी थी। लॉटरी के पैसे मिलते ही उसमें से मैने १०० ग्राम सोना लेकर लड़की के लिये गहने बनवाये और लड़की की शादी की। उसे गहने देकर ससुराल भेजी।

इस तरह वैभवलक्ष्मी व्रत के प्रभाव से धनलक्ष्मी मां ने मेरा दुःख दूर कर दिया। जय धनलक्ष्मी माँ।

 

वैभवलक्ष्मी माँ के व्रत का चमत्कार कथा
कथा २. खोये हुए हीरे वापस मिले

मेरे पति हीरे की दलाली करते हैं। हमारी आवक भी अच्छी है। अचानक एक दिन हमारे पर विपत्ति टूट पड़ी। रात्रि को मेरे पति घर आये। रोज के मुताबिक शर्ट उतारकर कील पर लटका दिया। पेन्ट बदल कर लूंगी पहनी और पेन्ट के खीसे से हीरे के पैकेट निकालने लगे तो नहीं मिले। मैंने किचन में से देखा कि वे कुछ ढूंढ रहे हैं। मैने पूछा कि क्या ढूंढ रहे हो? कुछ खो गया?

हाँ! हीरे का पैकेट नहीं मिल रहा। पेन्ट के बायें जेब में रखा था। नहीं मिला तो हम बरबाद हो जायेगे।

मेरे भी होशो-हवाश उड़ गये। तेजी से गैस बन्द करके मैं और वे आने-जाने के रास्ते आपर्टमेन्ट की सीढ़ियाँ, रास्ता सब जगह ढूंढने लगे। पर कहीं भी पकैट दिखाई नहीं दिया।

हम दोनो पति-पत्नी उदास होकर सोफे पर बैठे गये। बहुत सुख था। अब बहुत बड़ा दुःख आ गया।

उसी समय मेरे पति के दोस्त अपनी पत्नी के साथ हमसे मिलने आये। मैंने आदर देकर उनको बिठाया और पानी दिया। हमारे उदास चेहरे देखकर उन्होनें हँसकर पूछा, क्या बात है भाई! मुँह लटकाये क्यों बैठे हो? लड़ाई-झगड़ा हो गया है क्या?

मुझे रोना आ गया। मैंने रोते-रोते हीरे का पैकेट खो जाने की बात कही और वे लोग भी दंग रह गये।

कुछ सोचकर दोस्त की पत्नी रमीला बहन मुझे रसोईघर में ले गई और कहा ‘भाभी! आप मेरी एक बात मानेंगी?

क्या?

आप वैभवलक्ष्मी व्रत करने की मन्नत मानो। आदमी व्रत में भले ही न मानते हो पर हम औरतों को व्रत में श्रद्धा रखनी चाहिये। यह व्रत धनलक्ष्मी माता का है। आप मन्नत रख लो और उसने मुझे व्रत की विधि बतायी।

मैंने तुरन्त ही हाथ-पांव धोकर इक्कीस शुक्रवार वैभवलक्ष्मी व्रत करने की मन्नत मानी और इक्यावन वैभवलक्ष्मी व्रत की किताब बाँटने की मन्नत मानी।

सारी रात मै जय माँ लक्ष्मी का रटन करती रही। सवेरे थोड़ा-थोड़ा उजाला होते ही माताजी की प्रेरणा से हम हीरे का पैकेट ढूँढने निकल पड़े। जिस रास्ते से वे स्कूटर पर आये थे वही रास्ते पर मां का रटन करते-करते हम ध्यान से पैकेट ढूँढते-ढूँढते धीरे-धीरे आगे बढ़ने लगे। हीरा बाजार में दाखिल होते ही एक कोने पर कूड़े में आधा से दबा हुए एक पैकेट पर मेरी नजर गई। मैने पति को दिखाया।

यही है! यही है! मेरे पति ने चिल्लाते हुए तेजी से पैकेट उठा लिया। हीरे की छोटी-छोटी पुड़ी को रबड़ बैंड से जकड़ कर एक पैकेट बनाया था, वह पैकेट वैसे का वैसा ही मिल गया।

जब शुक्रवार आया तब हम दोनो ने व्रत शुरू किया और पूरे भाव से इक्कीस शुक्रवार पूरे किये। उद्यापन विधि में हमने इक्यावन वैभवलक्ष्मी व्रत की पुस्तकें लेकर ५१ स्त्रियों को उपहार में दी।

 

वैभवलक्ष्मी माँ के व्रत का चमत्कार कथा

कथा ३. चोरी हो गये गहने वापस मिले

नीला बहन का फ्लैट का दरवाजा गलती से खुला रह गया था। उस समय ऊपर के फ्लेट में मिस्त्री का काम हो रहा था ईट ले जाते हुए एक मजदूर ने यह देखा। वह नीयत का अच्छा नहीं था। उसने यह मौके का फायदा उठाया और फ्लेट में घुस गया। नीला बहन स्नान करने बाथरूम में गई थी। फ्लेट में कोई न था। मजदूर तेजी से सामान ऊपर-नीचे करने लगा। अचानक बेडरूम में गद्दे के नीचे से सोने का हार, मंगलसूत्र और दो कंगन मिल गये। गहने को जेब में रखकर वह तेजी से बाहर निकला और फिर से ईट लाने लगा। आधे-पौने घण्टे के बाद पेट में दर्द होने का बहाना निकालकर वह भाग निकला।

नीला बहन को अच्छी कहो या बुरी यह आदत थी कि रात को गहने निकालकर गद्दे के नीचे रख देती और दूसरे दिन खाना बना कर पहन लेती। उनको तो ख्याल भी नहीं था कि गहने चोरी हो गये हैं। खाना बनाकर उन्होने हाथ साफ किए और गहने पहनने के लिए गद्दे के नीचे हाथ डाला तो कुछ नहीं मिला। उन्होने तेजी से सब उलट-पुलट कर डाला पर गहने कहीं भी नही मिले। उन्होने सारा बेडरूम छान मारा। पर कुछ नहीं मिला। वे तो जोर-जोर से रोने लगी। रोने की आवाज सुनकर सब पड़ोसन दौड़ी आई और हकीकत सुनकर नीला बहन को सांत्वना देने लगी। उनका मायका पीछे की गली में ही था। कोई दौड़कर वहां खबर दे आया। उनकी मां और बहन भी दौड़ती आई।

माँ को देखकर नीला बहन फिर से सिसक-सिसक कर रोने लगी। माँ ने कहा ‘नीला पहने हुए गहने निकालने ही नहीं चाहिये। अगर निकाले तो अलमारी में रखने चाहिये। जो हुआ सो……………..तु जानती है, मुझे धनलक्ष्मी माँ पर बहुत श्रद्धा है। उनका ग्यारह शुक्रवार वैभवलक्ष्मी व्रत करने की मन्नत कर ले। माँ तेरी बिगड़ी सुधारेगी।

नीला बहन ने तुरन्त हाथ-पाँव धोकर ग्यारह शुक्रवार वैभवलक्ष्मी व्रत करके ग्यारह वैभवलक्ष्मी व्रत की पुस्तक उपहार में देने की मन्नत मानी और मन ही मन जय मां लक्ष्मी का जप पूरे भाव से करने लगी।

थोड़ी देर में उनके पति घर पर आये। नीला बहन ने रोते-रोते सब बात बताई। पति ने कहा, रोने से कुछ नहीं होगा। चल थाने में रिपोर्ट लिखवायें।

दोनो पति-पत्नी घर बन्द करके थाने गये और पुलिस इंस्पेक्टर को चोरी की बात कर रिपोर्ट लिखने की विनती की।

इंस्पेक्टर रिपोर्ट लिखने लगा। नीला बहन गहने की माहिती लिखवा रही थी कि पुलिस कांस्टेबल एक मजदूर को पकड़कर वही थाने में आया और बोला-

साब! यह आदमी सुनार की दुकान के आगे टहल रहा था। मुझे शक हुआ और मैने इसे पकड़ लिया। तो इसकी जेब में से यह गहने निकल आये और नीला बहन के ही चार गहने कांस्टेबल ने इंस्पेक्टर की टेबल पर रख दिये,जिसकी माहिती नीला बहन इंस्पेक्टर को लिखवा रही थी।

इंस्पेक्टर भी विस्मित हो गया कि रिपोर्ट लिखते-लिखते ही चोर पकड़ा गया।

उस मजदूर ने गुनाह कबूल कर लिया और यह भी बताया कि उसने किस तरह और कहाँ से यह गहने चुराये थे और नीला बहन को भी पहचान लिया। लिखापट्टी करके इंस्पेक्टर ने गहने नीला बहन को सौंप दिये।

इस तरह धनलक्ष्मी मां की कृपा से चोरी हो गये गहने नीला बहन को तुरन्त वापस मिल गये। नीले बहन ने ग्यारह शुक्रवार वैभवलक्ष्मी व्रत करके ग्यारह वैभवलक्ष्मी व्रत की पुस्तक भाव से बांटी और अपनी मन्नत पूरी की।

ऐसी है वैभवलक्ष्मी व्रत की प्रभाव।

 

वैभवलक्ष्मी माँ के व्रत का चमत्कार कथा

कथा ४. बिजनस अच्छा चलने लगा

भागीदारी में झगड़ा हुआ। बिजनस का बंटवारा हो गया। तभी से सुरेश के बुरे दिन शुरू हुए। वह दिन-रात मेहनत करता था। पर धंधा ठीक से नहीं चल रहा था। एक ही साल में वह टूट गया। उनकी पत्नी सरला बहुत सुशील थी। वह हिम्मत देती रहती । पर धंधा न चले तो आदमी का मन किस तरह प्रफुल्लित होगा? सरला चोरी-छुपे से कुछ न कुछ बेचकर घर चलाती थी। पति मन से और तबियत से ढीला होता जाता था। यह देखकर उनका मन व्यथित होता था।

एक बार उसकी मौसी मिलने आई। सरला की मौसी के साथ अच्छी पटती थी। उसने मौसी को सब कुछ बता दिया और रो पड़ीं।

मौसी ने कहा तू वैभवलक्ष्मी व्रत की मन्नत ले और ग्यारह या इक्कीस शुक्रवार व्रत कर। अभी मेरे साथ बाजार चल और व्रत की पुस्तक खरीद ले। धनलक्ष्मी मां तेरे सब दुख दूर करेगी।

तुरन्त तैयार होकर सरला मौसी के साथ बाजार गई और शास्त्रीय विधि वाली श्रीयंत्र और माताजी के आठ स्वरूप वाली पुस्तक खरीद ली। दूसरे दिन शुक्रवार था सरला विधिवत इक्कीस शुक्रवार वैभवलक्ष्मी व्रत की मन्नत मान कर व्रत करने लगी।

दूसरे शुक्रवार को सुरेश शाम को आया तब उसके चेहरे पर खुशी फूट रही थी। उसने कहा ‘सरला! आज तो चमत्कार हो गया। एक बहुत ही बड़ी कम्पनी को हमारे स्पेयर पार्ट्स की क्वालिटी और डिजाइन जंच गई। उसने हमें बहुत बड़ा आर्डर दिया है, लगता है हमारा नसीब बदल रहा है।

बात भी सच निकली। इक्कीस शुक्रवार पूरे होते ही सुरेश का बिजनस तेजी से बढ़ने लगा। पूरे भाव से सरला ने व्रत की उद्यापन विधि की ओर वैभवलक्ष्मी व्रत का खरीदा हुआ पुस्तक तिजोरी में रख दिया।

एक ही साल में सुरेश ने मारूति कार खरीदी।

ऐसा है वैभवलक्ष्मी व्रत का प्रभाव।

 

वैभवलक्ष्मी माँ के व्रत का चमत्कार कथा

कथा ५. अच्छी नौकरी मिल गई

विमला बहन का पुत्र गजेश। एम0 कॉम0 में फर्स्ट क्लास आया। घर में खुशियां छा गई। दूसरे ही दिन से गजेश ने नौकरी की खोज शुरू कर दी। एम्पलॉयमेन्ट में नाम तो लिखा दिया था। घर वालों को लगता था कि इतने अच्छे मार्क्स हैं, नौकरी तो मिल ही जायेगी। खुश गजेश को भी ऐसा ही लगता था। किन्तु उसका अनुमान गलत निकला। गजेश के पास L॰G॰V॰G॰ की डिग्री न थी। आप समझ गये न? लागवल की डिग्री। उसके कोई चाचा-मामा अच्छी पोस्ट पर न थे।

नौकरी ढूंढते- ढूंढते एक साल में गजेश थक सा गया। मध्यम कुटुंब में बेकार रहना जीते जी मरने बराबर था। घर में भी थोड़ी-थोड़ी चर्चा होने लगीं।

गजेश की समझ में नही आ रहा था कि क्या किया जाय?

एक दिन विमला बहन को पड़ोसन मीना बहन अपने घर बुला गई। उसने वैभवलक्ष्मी व्रत किया था उसकी उद्यापन विधि कर रही थी। मीना बहन ने सात बहनों को कुमकुम का तिलक कर के वैभवलक्ष्मी व्रत की एक-एक पुस्तक दी और खीर का प्रसाद दिया। सब बहनों में आपस-आपस में वैभवलक्ष्मी व्रत की महिमा की बातें हुई। थोड़ी ही देर में सब अपने-अपने घर चली गई।

विमला बहन भी वैभवलक्ष्मी व्रत की किताब लेकर घर आई। घर का काम निपटा कर वे किताब देखने लगी। किताब में दिये श्रीयंत्र देखते ही उन्होने अपने मायके का वैभव याद आया। उनके पिताजी तिजोरी में श्रीयंत्र रखते थे। वे कहते थे- श्रीयंत्र लक्ष्मीजी का तांत्रित स्वरूप है। जहाँ ‘श्रीयंत्र’ होगा वहाँ अवश्य लक्ष्मीजी का निवास होगा। विमला बहन ने भाव से श्रीयंत्र पर माथा टेका। बस! उनके मन में हलचल होने लगी। उनको वैभवलक्ष्मी व्रत करने की हृदय में प्रेरणा हुई।

उन्होने किताब के आगे देखा तो लक्ष्मीजी के विविध स्वरूप थे। उन्होंने सब पर माथा टेका। तभी उनको याद आया कि उनकी मम्मी कहती थी लक्ष्मीजी के विविध स्वरूपों के दर्शन करने से माँ लक्ष्मी प्रसन्न होती है और वह घर में निवास करती है। उनके मायके में माँ लक्ष्मीजी के विविध स्वरूप की छवियाँ थी। मम्मी रोज उनकी पूजा करती थी।

विमला बहन ने वैभवलक्ष्मी व्रत करने का निर्णय किया। उन्होने पूरी किताब पढ़कर व्रत की विधि समझ ली। तभी गजेश आया। विमला बहन ने किताब बता कर उसे भी व्रत करने की सलाह दी। गजेश को मां पर बहुत स्नेह था। वह माँ का मन रखने को हाँ कह दी।

शुक्रवार आते ही माँ-बेटे ने साथ ही वैभवलक्ष्मी व्रत ग्यारह शुक्रवार करने की मन्नत मानी और उसी शुक्रवार से व्रत करना शुरू किया।

शनिवार किया……….. रविवार किया………… और सोमवार को गार्डन मिल से इन्टरव्यू का लेटर आया। मंगल को वह इन्टरव्यू के लिये गया। इन्टरव्यू अच्छा गया। शुक्रवार को एपाइन्टमेन्ट लेटर मिल गया। इस तरह गजेश को अच्छी नौकरी मिल गई।

घर में आनन्द छा गया।

गजेश ने दुबारा इक्कीस शुक्रवार वैभवलक्ष्मी व्रत करने की मन्नत मानी। धनलक्ष्मी माँ की दया से गजेश को प्रमोशन मिलता ही गया और तेजी से वह बड़े ओहदे पर आ गया।

इस तरह वैभवलक्ष्मी व्रत के प्रभाव से गजेश को अच्छी नौकरी मिल गई।

 

वैभवलक्ष्मी माँ के व्रत का चमत्कार कथा

कथा ६. सुख-समृद्धि मिले

मालती स्वभाव की सरल, होशियार, मृदुभाषी और कार्यनिपुण थी। फिर भी उन पर दुःख के पहाड़ टूटा पड़े।

दो पुत्र हुए। फिर अचानक उनके पति को स्कूटर एक्सीडेन्ट हुआ और उनके दो पाँव कट गये। दाहिना हाथ भी क्षतिग्रस्त हो गया। समझों जान ही बच गई। घर की जवाबदारी मालती पर आ पड़ी। शादी को चार-पाँच साल ही हुए थे। इसलिये बचत भी न थीं। सिर्फ फ्लेट था………..अपना।

वह बहुत व्याकुल हो गई। किन्तु बाहर से पति को जरा सा भी लगने न दिया कि वह घबरा गई है। उसने पति को बहुत हिम्मत दी।

सुख में सुनार, दुःख में राम ………….यह कहावत अनुसार मालती को भगवान ही बचा सकते हैं। वह सोचने लगी कि मैं क्या करूँ तो मुझे कुछ रास्ता मिले।

अचानक उसको याद आया कि उसकी सुशीभामी कुछ तकलीफ आने पर बार-बार उद्यापन करती है। वह यह व्रत की बहुत माहिमा गाती हैं। एक उद्यापन में भाभी ने उसे भी बुलाया था और व्रत की पुस्तके दी थी।

व्रत की पुस्तक! मालती ने अलमारी के एक कोने में रख छोड़ी थी। वह तुरन्त उठी और वह पुस्तक खोज निकाली। खोल कर उसमें छपे हुए श्रीयंत्र, लक्ष्मीजी के विविध स्वरूप की छवियां देखी। व्रत की विधि पढ़ी। व्रत की महिमा पढ़ी। उसे हुआ मैं भी यह व्रत करूँ? लक्ष्मी मां अवश्य रास्ता दिखायेगी।

और उसने वहीं बैठे-बैठे ही ग्यारह शुक्रवार वैभवलक्ष्मी व्रत करने की मन्नत मानी और वही बैठे-बैठे ही उसने मन ही मन जय माँ लक्ष्मी का रटन शुरू कर दिया।

शुक्रवार होते ही उसने पूरे भाव से वैभवलक्ष्मी व्रत शुरू किया।

पाँचवां शुक्रवार था। उस दिन मालती की सखी रीमा उसे मिलने आयी। वे दोनो कॉलेज में साथ-साथ पढ़ती थी। दोनो अपनी-अपनी बातें कर रही थी मालती की तकलीफें सुन कर रीमा ने कहा, मालती! तेरी तकलीफें दूर करने का एक रास्ता है। तू ब्यूटी-पार्लर शुरू कर। तूने ब्यूटी-पार्लर का कोर्स भी किया है और तू चित्रकारी भी अच्छी कर लेती हैं। तुझे तो यह सब कितना अच्छा आता है। तेरे फ्लेट में से एक रूम ब्यूटी-पार्लर के लिए खाली कर दे। हमारे पड़ोसी ब्यूटी-पार्लर का फर्नीचर-साधन सब बेचने वाले हैं। क्योंकि वे फॉरेन जा रहे हैं। उन्हे जल्दी है। हमारा सम्बन्ध भी बहुत घरेलू है। मैं तुझे कम दाम में और हफ्ते से सब दिलवाऊंगी। ठीक है।

मालती को यह बात जँच गई। उसने तुरन्त पति की अनुमति मांगी। पति को भी पत्नी घर में रहकर कुछ करे, उसमें कोई एतराज न था। उन्होनें अनुमति दे दी। मालती ने रीमा को कहा तू जल्दी दी मुझे ब्यूटी-पार्लर का सामान दिलवा दे। मुझे तेरी बात बहुत जँच गई है। काम भी होगा और पति-बच्चों का ख्याल भी रहेगा। सात दिन में ही मालती ने घर में ब्यूटी-पार्लर खोल दिया।

धनलक्ष्मी माँ की कृपा से एक ही माह में उसका पार्लर अच्छा जम गया।

इस तरह वैभवलक्ष्मी व्रत के प्रभाव से मालती को रास्ता मिल गया। एक ही साल में मालती ने बहुत से पैसे कमा लिए। उसमें से पड़ोस का फ्लेट खरीद कर उसमें एयरकंडीशन ब्यूटी-पार्लर खोला।

ऐसी है वैभवलक्ष्मी व्रत की महिमा।

 

वैभवलक्ष्मी माँ के व्रत का चमत्कार कथा

कथा ७. खोया हुआ बच्चा वापस मिला

हेमा के दो लड़के थे। उसमें से दो साल को छोटा बच्चा कुंभ मेले में खो गया। उसकी बहुत खोज की। पेपर में दिया। टी0वी0 पर दिया। गाँव- गाँव शहर-शहर छान मारा। पर बच्चा नहीं मिला।

सारा घर शोकग्रस्त हो गया। मानो जीने का रस चला गया रात-दिन हेमा रोया करती। उनके पति भी उदास से होकर हेमा को संभालने की कोशिश में लगे रहते। पति-पत्नी जैसे-तैसे समय व्यतीत करने लगे।

एक दिन वे लोग बड़े लड़के की पाठ्यपुस्तक खरीदने बाजार में गये। वहाँ पुस्तक विक्रेता की दुकान पर वैभवलक्ष्मी व्रत की किताब देखी। उसे देखते ही देखते चार-पाँच बहने पुस्तक की सात-सात प्रतियां ले गई। हेमा और उसके पति को आश्चर्य हुआ। उन्होने भी एक किताब खरीद ली और घर पर आये।

घर पर आकर दंपति ने सारी किताब देखी-पढ़ी।

हेमा पति को कहने लगी मैं भी यह व्रत करूँगी। मां तो दयालु है। दुनिया की रीत से सब कर देखा पर मेरा लाल नहीं मिला। अब माताजी ही हमारी आशा की ज्योत है। वे प्रसन्न होंगे तो जरूर मेरा बेटा मिल जायेगा। मैं पूरे भाव से माताजी को विनती करूँगी… मनाऊँगी। कहते-कहते हेमा की आँखों में आँसू बहने लगे।

फिर हेमा ने हाथ-पाँव घोकर मन्नत मानीः हे धनलक्ष्मी माँ। मैं अपका वैभवलक्ष्मी व्रत इक्कीस शुक्रवार करूँगीं। भाव से करूंगी और आपकी १०१ किताबें बाटूँगी। पर माँ मुझे मेरे खोये हुए लाल से मिला दो। ऐसा संकल्प करके हेमा गिड़गिड़ाने लगी।

बच्चे के खो जाने पर दोनो पति-पत्नी जरूरत हो उतना ही बोलते। समझो, मौन ही रहते। अतः हेमा निरंतर जय माँ लक्ष्मी का रटन करने लगी।

शुक्रवार आते ही उसने पूरे भाव-भक्ति से वैभवलक्ष्मी व्रत शास्त्रीय विधि से करने शुरूआत की। घर में एक साल से कोई मीठी चीज बनायी ही नहीं थी। पर शुक्रवार को थोड़ा गुड़ का शीरा बनाकर माताजी को प्रसाद रखा।

व्रत करके वह जय माँ लक्ष्मी की रटन करते-करते सो गई।

भोर होने से पहले हेमा को सपने में रंग-बिरंगी फव्वारे वाला बाग दिखाई दिया। वह बाग में उसका हुआ बच्चा खेल रहा था। तुरन्त उसकी खुल गई।

सवेरे उठते ही उसने स्नान करके धूप-दीप किया और धनलक्ष्मी माँ की छबि को, लक्ष्मीजी के विविध स्वरूपों को और श्रीयंत्र को वंदन करके माथा टेका। फिर लक्ष्मी स्तवन किया। बाद में माताजी के सपने की बात कही। माताजी के मंदिर में जाकर श्रीफल रखा और वहाँ भी सपने की बात कही। बाद में घर आकर पति को सपने की बात कही।

उसके पति ने कहा, तू जो बाग का वर्णन करती है, वह मैसूर का वृन्दावन गार्डन लगता है। मैं एक बार वहाँ गया था।

तो चलों हम वही जाकर मेरे लाडले को ढूँढेंगे। मेरा मन कहता है माताजी ने ही हमें सपने द्वारा संकेत दिया है।

पति ने स्वीकृति दी। बड़े बेटे को ननद के घर रखकर हेमा पति के साथ उसी दिन मैसूर जाने के लिए निकल पड़ी। मैसूर पहुँचते ही दोनो वृन्दावन गार्डन में गये और व्याकुलता से अपने बच्चें को ढूँढने लगे। मन में जय माँ लक्ष्मी का रटन चालू था और चमत्कार हुआ। सपने मे हेमा जिस जगह बेटे को देखा था, वही जगह पर उसका बेटा उसके हम उम्र बच्चे के साथ खेल रहा था। उन दोनो बच्चों के नजदीक एक दंपति बैठे थे। वे चेहरे से मद्रासी लगते थे।

हेमा ने दौड़कर अपने बच्चे को गोद में उठा लिया और छाती से चिपका कर रोने लगी। उसका बेटा भी घबराकर रोने लगा। वह मद्रासी दंपति भी स्तब्ध बन कर खड़े हो गये। हेमा के पति ने हेमा को सांत्वना देकर चुप कराया। फिर वह मद्रासी दम्पति को बताया कि यह बच्चा उसका है वह कहाँ खो गया था, उसे किस-किस रीत से ढूँढा और पेपर के कटिंग भी दिखाये।

मद्रासी दम्पति ने भी कहा कि यह बच्चा वे लोग कुंभ स्नान करने गये थे तब ट्रेन में से मिला था। बच्चा ट्रेन में किस तरह आया वह उनको मालूम नहीं था। पर बच्चा बहुत रोता था। अतः वे लोग उसे अपने साथ मैसूर ले आये और अपने बच्चे की तरह पालते थे।

फिर जरूरी कार्यवाही करके, मद्रासी दंपति को बहुत-बहुत धन्यवाद देकर हेमा और उनका पति अपने बेटे को घर ले आये। घर में फिर से सुख का सागर लहराने लगा।

हेमा हर शुक्रवार शाम को कुछ ने कुछ मीठा बनाकर माताजी को प्रसाद रखती। इस तरह इक्कीस शुक्रवार पूर्ण होते ही उसने भाव से उद्यपान किया और एक सौ एक वैभवलक्ष्मी व्रत की किताबे बांटी।

हेमा के पड़ोसी वगैरह सब माताजी के व्रत का यह चमत्कार देखकर दंग रह गये।

ऐसा है वैभवलक्ष्मी व्रत का प्रभाव।

 

वैभवलक्ष्मी माँ के व्रत का चमत्कार कथा

कथा ८. लड़की की शादी हुई

राधा बहन की सुनार जाति में ज्यादातर स्त्रियां गौरवर्ण की और रूपवान। पर राधाबहन की बेटी सोनाली थोड़ी श्याम थी। ऊपर से पति की स्थिति भी साधारण। बड़ा दहेज देने की शक्ति उसमें न थी। सोनाली ग्रेजुएट हो गई थी पर उसकी शादी नहीं हो रही थी।

धीरे-धीरे आयु बढ़ने लगी। अतः माता-पिता की चिंता भी बढ़ने लगी। सोनाली खाना पकाने में और इतर प्रवृत्तियों में कुशल थी। स्वभाव से भी सयानी थी। पर शादी की बात में पीछे रह गई।

एक दिन सोनाली अपने कॉलेज फ्रेन्ड हिना से मिलने गई तो हिना एक किताब पढ़ रही थी। सोनाली ने पूछा हिना क्या पढ़ा रही है?

वैभवलक्ष्मी व्रत की किताब है। हमारी पड़ोसन लीला बहन ने आज उद्यापन किया है। तो सब को एक-एक किताब बाँटी थी।

मुझे दिखा?

हिना से सोनाली को किताब दी। किताब पढ़ते-पढ़ते सोनाली को हुआ मैं भी यह व्रत करके देखूँ । शायद मेरी शादी हो जाय।

सोनाली ने कहा हिना यह किताब मैं ले जाऊँ?

क्यो? व्रत करने का विचार है? हेमा ने हँसकर पूछा।

हाँ!उमर बढ़ती जाती है और दिल बैठा-सा जाता है।

तेरी बात सच्ची है। यह किताब तू ले जा।

शुक्रवार को सवेरे ११ शुक्रवार की मन्नत मानकर सोनाली ने वैभवलक्ष्मी व्रत करने का संकल्प किया और व्रत शुरू किया।

उसी रात उनके फुफाजी एक लड़के की बात लेकर आये। जाति में ख्यातनाम घराना …………….धनवान ……….. लड़का एम0एस0सी0 पास थी। सोनाली की फुफी ने सीधे लड़के के साथ ही बात चला कर सोनाली के गुण गाये थे। वह लड़का शांत स्वभाव की और होशियार लड़की के साथ शादी करने का इच्छुक था। जो उसके व्यापार में हाथ बॅटा सके।

सोनाली तो यह बात सुनकर खुश-खुश हो गई।

अगले शुक्रवार को ही सादगी से सोनाली की शादी हो गई।

ऐसी ही माँ धनलक्ष्मी की कृपा। वैभवलक्ष्मी व्रत का चमत्कार।

 

श्री लक्ष्मी महिमा

श्री वैभवलक्ष्मी व्रत में आरती करने के बाद यह श्लोक का पठन करने से शीध्र फल मिलता है।

पत्राभ्यागवदानमान चर पक्षालनं भोजनम्।

सत्सेवा पितृदेववार्चन विधिः सत्यंगवां पालनम्।।

धान्या नामपि सग्रहो न कलहश्चित्ता तृरूपा प्रिया।

दृष्टा प्रहा हरि वसामि कमला तस्मिन गृहे निश्चला।।

भावार्थ

जहाँ मेहमान की आव-भगत करने में आती है………… उनको भोजन कराया जाता है, जहाँ सज्जनों की सेवा की जाती है, जहाँ निरन्तर भाव से भगवान की पूजा और धन्य धर्मकार्य किये जाते हैं। जहाँ सत्य का पालन किया जाता है, जहाँ गलत कार्य नहीं होते, जहाँ गायों की रक्षा होती है, जहाँ दान देने के लिये धान्य का संग्रह किया जाता है, जहाँ पत्नी संतोषी और विनयी होती है, ऐसी जगह पर मैं सदा निश्चल रहती हूँ। इनके सिवा की जगह पर कभी कभार दृष्टि डालती हूँ ।

 

आरती भगवती महालक्ष्मी जी की

ओउम् जय लक्ष्मी माता, मैया जय लक्ष्मी माता।

तुमको निशिदिन सेवत, हर विष्णु विधाता।।

उमा रमा ब्रहमाणी, तुम ही जग-माता।

सूर्य चन्द्रमा ध्यावत, नारद ऋषि गाता।

दुर्गा रूप निरंजनि, सुख सम्पति दाता।

जो कोई तुमको ध्याता, ऋद्धि-सिद्धि पाता।

तुम पाताल निवासिनी, तुम ही शुभ दाता।

कर्म-प्रभाव प्रकाशिनि, भव निधि की त्राता।।

जिस घर में तुम रहती, सब सद्गुण आता।

सब संभव हो जाता, मन नहीं घबराता।।

तुम बिन यज्ञ न होवे, वस्त्र न कोई पाता।

खान-पान का वैभव, सब तुमसे आता ।।

शुभगुण मंदिर सुंदर, श्रीरोदधि-जाता।

रत्न चतुर्दश तुम बिन कोई नहीं पाता।।

महालक्ष्मी जी की आरती, जो कोई नर गाता।

उर आनंद समाता, पाप उतर जाता ।

बोलो भगवती महालक्ष्मी की जय।।

 

इतिश्री वैभवलक्ष्मी व्रत, कथा सम्पूर्ण।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *